*रामघाट में बाढ़ से हुए नुकसान का जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने किया स्थलीय निरीक्षण*
जनपद चित्रकूट में मंदाकिनी नदी में आई भीषण बाढ़ से विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक प्रभाव पड़ा है। इसी क्रम में प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थल रामघाट, सीतापुर में बाढ़ से हुए नुकसान का जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रामघाट क्षेत्र में बाढ़ से प्रभावित दुकानों एवं अन्य संपत्तियों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ से हुई क्षति का सर्वेक्षण कराते हुए अतिशीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए, ताकि नियमानुसार प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
रामघाट क्षेत्र में बाढ़ के बाद जमा हुए मलबे एवं गंदगी का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने नगरपालिका परिषद को निर्देशित किया कि सफाई कार्य में मैनपावर एवं पंपिंग क्षमता बढ़ाई जाए तथा अतिरिक्त संसाधन लगाकर अभियान चलाते हुए शीघ्रता से मलबा हटाने एवं साफ-सफाई का कार्य पूर्ण कराया जाए, जिससे श्रद्धालुओं एवं आमजन का आवागमन सुचारू रूप से संचालित हो सके। *उपजिलाधिकारी कर्वी द्वारा बताया गया कि लगभग तीन सौ से अधिक सफाई कर्मचारी लगाए गए हैं तथा आठ सौ राशन कीट इस क्षेत्र में वितरित भी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जो बचे गए हैं उनको भी वितरित की जा रही है।*
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र में पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। आवश्यकतानुसार विभिन्न स्थानों पर टैंकरों के माध्यम से पानी की व्यवस्था कराई जाए, ताकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों को पेयजल की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त अथवा गिर चुके विद्युत पोलों एवं टूटे विद्युत तारों को तत्काल हटाकर नए पोल एवं तार लगाए जाएं तथा आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुचारू बनाए रखने के लिए मौके पर आवश्यक सावधानियां बरतने के भी निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत, सफाई, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
Karwi, Chitrakoot | Sep 5, 2026