#मिर्जापुर। पड़री में 10 हजार लीटर से अधिक अवैध शराब नष्ट, 37 मुकदमों से जुड़ी थी 33.26 लाख की शराब
मिर्जापुर। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में माल निस्तारण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना पड़री पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश के बाद 37 आबकारी अधिनियम से संबंधित मुकदमों में जब्त 10,234.8 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण कराया गया।
थाना पड़री परिसर में हुई कार्रवाई के दौरान वर्ष 2023 के एक, वर्ष 2025 के तीन और वर्ष 2026 के 33 मुकदमों से संबंधित अवैध शराब को नष्ट किया गया। विनष्टीकरण की गई शराब में अवैध अंग्रेजी, देशी और कच्ची शराब शामिल थी। इसकी अनुमानित कीमत 33 लाख 26 हजार 50 रुपये बताई गई है।
न्यायालय द्वारा विनष्टीकरण का आदेश दिए जाने के बाद गठित टीम की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई संपन्न कराई गई। इस दौरान नायब तहसीलदार अरविंद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी सदर जटाशंकर मिश्र, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र प्रथम सदर तहसील राजेश कुमार और थाना प्रभारी पड़री प्रदीप कुमार सिंह समेत पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार माल निस्तारण अभियान के तहत विभिन्न मुकदमों में बरामद एवं जब्त सामग्री का नियमानुसार निस्तारण किया जा रहा है।
#Mirzapur #मिर्जापुर #पड़री #MirzapurPolice #अपर्णारजत_कौशिक #अवैधशराब #शराब_विनष्टीकरण #आबकारीअधिनियम #PoliceAction #UPPolice #TodayMirzapur