सड़क-नाली के लिए फुर्सतपुर में आर-पार की लड़ाई, अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे ग्रामीण
क्रासर: सैकड़ों ग्रामीणों ने जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन, प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
बागापार। सदर तहसील क्षेत्र के फुर्सतपुर बाजार में सड़क और जलनिकासी की व्यवस्था की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरना शुरू करने से पहले सैकड़ों ग्रामीणों ने बाजार में जुलूस निकालकर जिला प्रशासन और वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि जब तक सड़क और जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
धरने का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य सुरेश चंद साहनी ने कहा कि फुर्सतपुर जिले के प्राचीन बाजारों में शामिल है, लेकिन कई दशकों से यह बाजार उपेक्षा का दंश झेल रहा है। बाजार की वन विभाग द्वारा प्रत्येक वर्ष लाखों रुपये में नीलामी की जाती है, इसके बावजूद यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। बाजार में न तो पक्की सड़क है और न ही जलनिकासी के लिए नाली की व्यवस्था।
उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा बाजार जलभराव की चपेट में आ जाता है। कीचड़ और पानी के बीच ग्रामीणों, दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के गांवों से आने वाले लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। कई बार स्थिति ऐसी हो जाती है कि बाजार से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सामाजिक कार्यकर्ता रवींद्र जैन ने कहा कि सड़क निर्माण और जलनिकासी की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने कहा कि वर्षों से समस्या झेलने के बाद अब वे आंदोलन के लिए मजबूर हुए हैं। धरना दे रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से फुर्सतपुर बाजार में पक्की सड़क और नाली निर्माण की तत्काल व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरने में ग्राम प्रधान धर्मेंद्र मौर्य, सुल्ताना साहनी, अंगद चौहान, अर्जुन गौंड, लौहर गुप्ता, गणेश गौंड, अनूप भारती, अली हुसैन, सोनू अग्रहरी, जितेंद्र चौहान, दीपक वर्मा, राकेश चौहान, चंद्रभान, पुजारी, शैलेंद्र, दुर्गेश, ईश्वर, वीरेंद्र मौर्य, मोहन जायसवाल, गणेश चौहान, मुनीब पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Public maharajganj #NewsUpdate #Maharajganj #maharajganjnews #bagapar #bignews #everyone #followers