विधान परिषद चुनाव: डीएम ने तैयारियों को समीक्षा कर दिया अंतिम रूप
गुरुवार को ब्रीफिंग के बाद बूथ के लिए रवाना होंगे मतदान दल
जिला कोषागार से प्राप्त करेंगे सामग्री, बैलेट पेपर और मतपेटिका
===================
सारण, 21 अक्टूबर 2026
===================
सारण शिक्षक निर्वाचन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने बुधवार को सभी स्तरों पर तैयारियों की समीक्षा करते हुए उसे अंतिम रूप देने का निदेश दिया. इस क्रम में उन्होंने बताया कि सारण जिला के मतदान कर्मियों का पार्टी मिलान और ब्रीफिंग गुरुवार को प्रेक्षागृह में आयोजित की जाएगी. ब्रीफिंग में मतदान दलों के साथ पुलिस बल, माइक्रो ऑब्जर्वर, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व उड़न दस्ते के अधिकारी शामिल रहेंगे. उसी समय उन्हें तीसरा और अंतिम प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा. उन्होंने निदेश दिया कि ब्रीफिंग के पश्चात् पोलिंग पार्टी सुरक्षा बल के साथ जिला कोषागार पहुंचेंगे और वहीं से मतदान सामग्री का बैग, बैलेट पेपर और मतपेटिका प्राप्त कर आवंटित बूथों के लिए रवाना होंगे. उन्होंने सामग्री और बैलेट पेपर सेल को आपसी समन्वय कर निर्धारित एसओपी के अनुरूप सभी व्यवस्था अपनी देख रेख में सुनिश्चित कराने का निदेश दिया.
समीक्षा के क्रम में जिलाधिकारी ने प्रेक्षागृह और गर्ल्स स्कूल में बनाए गए प्रशिक्षण केन्द्र मतपेटिका संग्रहण स्थल, स्ट्रॉन्ग रूम और काउंटिग हॉल का स्थलीय निरीक्षण किया. उन्होंने तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रेक्षागृह में पार्टी नंबर का सीट प्लान बनाने और कुर्सियों पर संबंधित स्टिकर लगाने का निदेश दिया ताकि कर्मियों को दिक्कत न हो. उन्होंने इसके लिए कार्मिक कोषांग को आवश्यक निदेश दिया. रिसीविंग सेंटर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अलग अलग जिलों के लिए बनाए जा रहे प्राप्ति काउन्टर पर आवश्यक साइनेज लगाने, पोलिंग अधिकारियों के बैठने और आराम से कार्य करने का स्थल चिन्हित करने, अतिरिक्त कुर्सी रखने का निदेश दिया.
उन्होंने अलग से हेल्प डेस्क का निर्माण करने के साथ ही प्रकाश का उचित प्रबंध करने आदि का निदेश दिया. उन्होंने कहा कि पांचों जिले के पोलिंग अधिकारी यहां पहुंचेंगे, इसलिए आवश्यक न्यूनतम सुविधा का पूरा ख्याल रखा जाना चाहिए. विशेष रूप से वाशरूम, पेय जल, चाय आदि की उपलब्धता पर ध्यान रखा जाना चाहिए, विशेष तौर पर दूर से आने वाले अधिकारी यदि रात में रुकना चाहें तो इसकी पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए.
उन्होंने अलग अलग कोषांगों द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे एक-एक कर जानकारी लेते हुए मतगणना के लिए हॉल, अधिकारियों एवं कर्मियों के प्रवेश, अभिकर्ताओं के पृथक प्रवेश आदि का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिया. प्रेक्षक, आरओ और पांचों जिला के डीएम सह सहायक निर्वाची पदाधिकारी और अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था देखने के अलावा स्ट्रॉन्गरूम के बिजली सप्लाई को काटने, डबल लॉक सिस्टम, सीसीटीवी की अधिस्थान, रिले केंद्र, अभ्यर्थियों के प्रतिनिधि और अधिकारियों के बैठने हेतु कन्ट्रोल रूम आदि के निर्माण का जायजा लेते हुए आवश्यक निदेश दिया.
उन्होंने कैंपस को सुसज्जित बनाने और मतदान दल के वाहन को प्रवेश द्वार पर ड्रॉप करने के बाद पार्किंग की व्यवस्था राजेन्द्र स्टेडियम में कराने का निदेश दिया. अन्य स्टेशनरी और कम्प्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, ध्वनि विस्तारक आदि की व्यवस्था को फूलप्रूफ बनाने का निदेश दिया.
भ्रमण और निरीक्षण के क्रम में एसएसपी रौशन कुमार, डीडीसी लक्ष्मण तिवारी, एडीएम मुकेश कुमार, प्रमोद कुमार पाण्डेय, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनिल कुमार राय, उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, डीपीआरओ नीना झा, एनडीसी रवि प्रकाश, अधीक्षण अभियंता भवन प्रमंडल अरबाज अहमद, निदेशक एन ई पी सुमिता कुमारी, डीआईओ तारणी कुमार, ईडीसी गुलाब हुसैन, वरीय कोषागार पदाधिकारी कुमार विजय प्रताप, एटीओ सीतेश कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी एखलाक अंसारी, दिलीप कुमार सिंह, उप नगर आयुक्त अरशद इमाम आदि उपस्थित थे.
Saharsa, Bihar | Oct 21, 2026