समय-सीमा बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
खाद-बीज उपलब्धता, पौधरोपण और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की हुई समीक्षा
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की गंभीर शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में अधिक दिनों से लंबित शिकायतों का सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए। साथ ही किसानों को खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित करने, नियमित निरीक्षण करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने देने के निर्देश दिए। मत्स्य विभाग को मुख्यमंत्री मत्स्य पालन योजना एवं स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर संचालन प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को कृत्रिम गर्भाधान, क्षीरधारा ग्राम अभियान, संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए टीकाकरण तथा प्रत्येक ग्राम में गौ-सेवक एवं गौ-मित्र की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री उद्यम क्रांति योजना, स्वरोजगार योजना, समग्र ई-केवाईसी, आधार एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने नर्मदा परिक्रमा मार्ग, शासकीय भवनों एवं सांदीपनी विद्यालय परिसरों में आगामी तीन माह के भीतर तीन लाख पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए इसे गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए। सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों एवं निर्माणाधीन शासकीय भवनों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा भवन पूर्ण होने के बाद ही उनके लोकार्पण के निर्देश दिए। जिला पंचायत के स्वच्छता प्रभारी को पीएम आवास, जनमन आवास सहित अन्य आवासीय योजनाओं के अंतर्गत शौचालय निर्माण सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए।
समीक्षा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अस्पताल प्रबंधन को सम्मानित किया। जानकारी के अनुसार आशा कार्यकर्ता ने गर्भवती महिला की स्थिति गंभीर होने पर तत्काल 108 एम्बुलेंस सेवा को बुलाया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में प्रसव पीड़ा बढ़ने पर आशा कार्यकर्ता ने सूझबूझ एवं तत्परता का परिचय देते हुए एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। इसके बाद जच्चा एवं नवजात को आवश्यक उपचार एवं देखभाल के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कलेक्टर ने आशा कार्यकर्ता एवं अस्पताल प्रबंधन को सम्मानित किया तथा कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में समर्पण, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई से मरीजों को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकता है।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर विभिन्न स्थानों का चयन कर शिविर आयोजित करें, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका त्वरित निराकरण करें तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करें। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, एसडीएम शहपुरा श्री ऐश्वर्य वर्मा, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन, एसडीएम बजाग श्री अक्षय डिगरसे, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh
#collectorofficedindori #JansamparkMP #dindori #projansamparkdindori
5 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jul 6, 2026