बच्चे के सिर पर तबले की तरह बजाने लगे शिक्षक, वीडियो वायरल होने पर इंचार्ज प्रधानाध्यापक निलंबित
इटावा के बिरौली प्राथमिक विद्यालय का मामला, शिक्षक ने खुद फेसबुक पर पोस्ट किया था वीडियो; विभाग ने शुरू की जांच
इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में एक शिक्षक का बच्चे के सिर पर तबले की तरह थाप देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। सैफई ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय बिरौली में तैनात इंचार्ज प्रधानाध्यापक दिनेश कुमार माथुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। विभाग ने मामले की जांच भी शुरू करा दी है।
वायरल वीडियो में शिक्षक एक बच्चे के गंजे सिर पर तबले की तरह थाप देते नजर आ रहे हैं। इस दौरान कक्षा में मौजूद अन्य बच्चे हंसते दिखाई देते हैं। हैरानी की बात यह है कि सामने आई जानकारी के मुताबिक, वीडियो किसी अन्य व्यक्ति ने नहीं, बल्कि शिक्षक ने खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था। सोशल मीडिया पर वीडियो फैलने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंच गया।
मामले का संज्ञान लेते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने शिक्षक के व्यवहार को अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की। फिलहाल विभाग पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने स्कूलों में बच्चों के प्रति शिक्षकों के व्यवहार और उनकी गरिमा से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। शिक्षक की मंशा मजाक करने की थी या कुछ और, यह जांच का विषय है। हालांकि, विद्यालय में बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार कितना उचित है, इस पर चर्चा शुरू हो गई है।
विद्यालय बच्चों को शिक्षा देने के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराने का स्थान भी है। फिलहाल इंचार्ज प्रधानाध्यापक निलंबित हैं और मामले में विभागीय जांच जारी है।
इस विषय पर आपकी क्या राय है ????
Orai, Jalaun | Oct 9, 2026