बाढ़ से योगापट्टी के दियारा क्षेत्र के कई पंचायत जलमग्न, जनजीवन अस्त-व्यस्त
योगापट्टी। प्रखंड क्षेत्र के दियारा इलाकों में लगातार हो रही बारिश और वाल्मीकिनगर बराज से छोड़े गए पानी के कारण सिसवा मंगलपुर, जरलपुर खुटवनिया, डुमरी और बलुआ भवानीपुर पंचायतों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। मुख्य सड़कों पर पानी भर जाने से आवागमन बाधित है और सड़कें नदी में तब्दील हो गई हैं। रविवार के दोपहर जरलपुर खुटवनिया पंचायत के वार्ड नंबर 14 स्थित गजना गांव निवासी गयासुद्दीन अंसारी और भघेलू घटवार ने बताया कि करीब 15 दिनों से गांव में बाढ़ का पानी जमा है। कई घरों में कमर तक पानी है, जिससे ग्रामीण छतों पर रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से अब तक नाव समेत कोई पर्याप्त सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है।
मुस्लिम मियां, अली हुसैन अंसारी, महफूज आलम, आकलख अहमद और गोपाल चौधरी ने बताया कि रात में बिजली बंद रहने से सांप-बिच्छू का खतरा बना रहता है। भघेलू घटवार निजी नाव से ग्रामीणों की मदद कर रहे हैं।
मुखिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को सही बताते हुए कहा कि प्रशासन से नाव उपलब्ध कराने की मांग की गई है। फिलहाल पंचायत स्तर से चिउड़ा-मिठा वितरित किया जा रहा है। वीरेंद्र भारती, संवाददाता