*आर्य पीजी कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन*
_योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलित, स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं आध्यात्मिक पद्धति है- योगिनी सुचिता
_अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का उद्देश्य योग को जन-जन तक पहुंचाना और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने के लिए प्रेरित करना है- प्रो.(डॉ) जगदीश गुप्ता
पानीपत- रविवार 26 जून 2026: आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाइयों द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साह और उमंग के साथ आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेट्स एवं महाविद्यालय के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में योग प्रशिक्षिका योगिनी सुचिता और उनके साथ आई टीम का भी महाविद्यालय परिसर में आगमन पर प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों प्राध्यापिका आस्था गुप्ता, डॉ. मनीषा डुडेजा, प्राध्यापक पंकज चौधरी एवं एनसीसी एएनओ डॉ. शिव नारायण द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस वर्ष योग दिवस का थीम स्वस्थ आयु के लिए योग रहा।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
योग दिवस पर योगिनी सुचिता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि यह वर्ष का सबसे लंबा दिन होता है। योग व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और दीर्घायु जीवन प्रदान करने में सहायक होता है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि शरीर, मन और आत्मा के संतुलन का माध्यम है।
योगिनी सुचिता ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास करवाया और उनके स्वास्थ्य लाभों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ताड़ासन गर्दन एवं सर्वाइकल संबंधी समस्याओं के लिए लाभकारी है, जबकि पश्चिमोत्तानासन पेट एवं पाचन तंत्र के लिए उपयोगी है। विद्यार्थियों को कपालभाति, अनुलोम-विलोम प्राणायाम एवं भ्रामरी प्राणायाम जैसे योग अभ्यासों का प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों को चक्र हीलिंग के बारे में भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान योगिनी सुचिता की कक्षाओं के सदस्यों द्वारा देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने वातावरण को उत्साह और देशप्रेम की भावना से भर दिया। श्रीमती विम्मी मल्होत्रा ने गणेश वंदना पर मनमोहक प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में एनसीसी एएनओ डॉ.शिव नारायण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने योगिनी सुचिता, आयोजकों, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश देकर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।