पंचायती राज चुनाव 2026: पीलीबंगा में प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला आयोजित, नामांकन प्रक्रिया व आचार संहिता के बताए नियम
लालबहादुर भाखर #Lalbahadurbhakhar #pilibanga #hanumangarhnews
पीलीबंगा (हनुमानगढ़)। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव 2026 के मद्देनजर पंचायत समिति हॉल में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) के निर्देशानुसार प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में पंचायत समिति सदस्य, सरपंच और वार्ड पंच पद के संभावित प्रत्याशियों को नामांकन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों तथा आदर्श आचार संहिता की पालना को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यशाला को तीन चरणों में आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने हेतु निर्धारित योग्यताओं और अयोग्यताओं के नियमों से अवगत कराया गया। वहीं, द्वितीय सत्र में नामांकन पत्र दाखिल करने के नियम, जरूरी दस्तावेज तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। अंतिम सत्र प्रश्नकाल के रूप में रहा, जिसमें उपस्थित संभावित प्रत्याशियों की शंकाओं का समाधान किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नामांकन प्रक्रिया को त्रुटिरहित, पारदर्शी व नियमसम्मत बनाना रहा।
कार्यशाला के अंत में निर्वाचन अधिकारी (एसडीएम) उमा मित्तल ने सभी उपस्थित संभावित प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण और नियमानुसार चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया, जिसके बाद कार्यशाला का विधिवत समापन हुआ।