ओरछा में सहकारी समितियों का निरीक्षण, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने रामनगर जनविश्वास शिविर में भी की सहभागिता
--
मध्यप्रदेश राज्य सहकारी बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने शुक्रवार को निवाड़ी जिले के ओरछा का भ्रमण किया। इस दौरान वे ओरछा में आयोजित धनवंतरी महायज्ञ कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके पश्चात उन्होंने जिले के प्रभारी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह के साथ ग्राम पंचायत रामनगर में आयोजित जनविश्वास शिविर में सहभागिता की। शिविर में सांसद प्रतिनिधि श्री राजेश पटेरिया, कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े, पुलिस अधीक्षक एवं जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
भ्रमण के दौरान श्री यादव ने बहुउद्देशीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित, सीतापुर शाखा ओरछा का निरीक्षण किया। उन्होंने समिति के खाद गोदाम का जायजा लेते हुए खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अनुपम पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी, शाखा प्रबंधक एवं समिति प्रबंधक उपस्थित रहे।
श्री यादव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। किसानों को कृषि एवं सहकारिता क्षेत्र की सभी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद वितरण व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के साथ ही किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऋण वसूली के लिए निरंतर प्रयास करने के निर्देश दिए, ताकि सहकारी बैंक मजबूत बने और सहकारी आंदोलन निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे।
किसानों से किया संवाद, समस्याओं के निराकरण के निर्देश
श्री यादव ने समिति के कार्यक्षेत्र के किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार किसानों एवं सर्वहारा वर्ग के हितों के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। किसानों को सहकारी समितियों से जुड़ने के फायदे बताते हुए उन्होंने अधिक से अधिक किसानों को समिति की सदस्यता लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समिति के सदस्यों को सुगमता से ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा किसानों को समय पर एवं पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा किसानों के ऋण की ब्याज दर में छूट दी गई है, जिससे किसानों को राहत मिल रही है।
श्री यादव ने कहा कि सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से किसानों के हित में पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh
#मुख्यमंत्री_जन_विश्वास_अभियान
#JansamparkMP #niwari
11 views | Niwari, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026