प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*_निर्माणाधीन फूलौत ब्रिज का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण,_* *गुणवत्ता एवं समयबद्ध निर्माण के दिए सख्त निर्देश*
मधेपुरा, 01 अगस्त 2026।
जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन ने शनिवार को चौसा प्रखंड अंतर्गत निर्माणाधीन फूलौत ब्रिज का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्य निष्पादन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अभियंताओं को कार्य में गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य में अपेक्षित गति लाने तथा निर्धारित अवधि के भीतर इसे पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पुल के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन किया तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही कार्यस्थल पर सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने तथा श्रमिकों एवं आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि फूलौत ब्रिज के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा लोगों को वर्षभर सुरक्षित, सुगम एवं त्वरित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी। यह पुल क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ करने के साथ-साथ व्यापार, कृषि, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को भी आसान बनाएगा, जिससे स्थानीय सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
जिला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्य की सतत निगरानी की जा रही है ताकि परियोजना को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण कर आमजन को शीघ्र इसका लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
22 views | Madhepura, Bihar | Aug 3, 2026