‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ बैंड प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार निलंबित, सोशल मीडिया से आय के आरोप में जांच शुरू
शिमला 13 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश पुलिस के चर्चित सांस्कृतिक बैंड ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार को सोशल मीडिया के माध्यम से कथित आय अर्जित करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंस्पेक्टर विजय कुमार पर आरोप है कि उन्होंने विभागीय अनुमति के बिना निजी म्यूजिक एल्बम तैयार कर विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रकाशित किए। इन प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से उन्हें हर माह लगभग 6,000 रुपये की आय होने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या उन्होंने सरकारी सेवा में रहते हुए व्यावसायिक गतिविधियों में भाग लेकर सेवा नियमों का उल्लंघन किया है।
यह कार्रवाई कार्यवाहक पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर की गई है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
पूरे मामले की जांच पुलिस लाइन भराड़ी के डीएसपी कमल किशोर को सौंपी गई है। उन्हें तीन माह के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच के दौरान यह भी परखा जाएगा कि सोशल मीडिया से प्राप्त आय की वास्तविक प्रकृति क्या है, क्या इसके लिए विभागीय अनुमति ली गई थी, और क्या सेवा आचरण नियमों का पालन किया गया।
गौरतलब है कि ‘हारमनी ऑफ द पाइन्स’ हिमाचल प्रदेश पुलिस का एक प्रतिष्ठित बैंड है, जो राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रस्तुतियों के लिए जाना जाता है। ऐसे में बैंड प्रभारी अधिकारी के खिलाफ हुई यह कार्रवाई विभाग में चर्चा का विषय बन गई है।
पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों के अनुसार, जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल इंस्पेक्टर विजय कुमार निलंबित हैं और विभागीय प्रक्रिया जारी है।
Chamba, Chamba | Jul 13, 2026