सिविल डिफेंस भर्ती का परिणाम जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने निकाली शांतिपूर्ण रैली
सवाई माधोपुर। सिविल डिफेंस भर्ती परीक्षा का परिणाम शीघ्र जारी करने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों ने सोमवार को महावीर पार्क से जिला मुख्यालय तक शांतिपूर्ण रैली निकाली। रैली के बाद अभ्यर्थियों ने जिला कलेक्टर, सवाई माधोपुर को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सिविल डिफेंस परिणाम घोषित कराने की मांग की।
अभ्यर्थी राजेश डोई ने बताया कि सिविल डिफेंस भर्ती के लिए आवेदन जून 2025 में आमंत्रित किए गए थे। इसके बाद मार्च 2026 में सभी पात्र अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा चुकी है। परीक्षा हुए कई महीने बीत जाने के बावजूद अब तक परिणाम घोषित नहीं किया गया है, जिससे अभ्यर्थियों में चिंता और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में सिविल डिफेंस भर्ती प्रक्रिया पूरी कर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी दी जा चुकी है, जबकि सवाई माधोपुर जिले के अभ्यर्थी अब भी परिणाम जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से अभ्यर्थियों ने जिला कलेक्टर से आग्रह किया कि उनकी मांग को संबंधित विभाग एवं राज्य सरकार तक पहुंचाकर सिविल डिफेंस भर्ती का परिणाम शीघ्र जारी कराया जाए, ताकि पात्र अभ्यर्थियों को समय पर नियुक्ति प्रक्रिया का लाभ मिल सके। इस दौरान अभ्यर्थियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाई जा रही है और वे जल्द परिणाम घोषित किए जाने की अपेक्षा रखते हैं। रैली के समय काफी संख्या में विधार्थी शामिल हुए