शिवहर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया गोवर्धन पूजा का पर्व, घर-आंगन में गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे
शिवहर। दीपावली के अगले दिन बुधवार को शिवहर जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही घरों और मंदिरों में पूजा-अर्चना को लेकर चहल-पहल रही। महिलाओं ने गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की।
पूजा के दौरान गोवर्धन पर्वत को फूल, दीप, रोली और अक्षत से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने सात परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट, मक्खन-मिश्री सहित विभिन्न पकवानों का भोग लगाया गया। कई स्थानों पर छप्पन भोग अर्पित करने की परंपरा भी निभाई गई।