संतकबीरनगर में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित ट्रक ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचला, चालक ट्रक छोड़कर फरार
संतकबीरनगर। जिले के खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के केनवना-कुर्थिया मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचल दिया, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान लालजी (60 वर्ष), उनकी पत्नी ज्ञानमती (55 वर्ष), पोता आदर्श (10 वर्ष) और नाती सत्यम (8 वर्ष) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, लालजी चलने-फिरने में असमर्थ थे और घर के बाहर खाट पर सोए हुए थे। उनके साथ उनकी पत्नी, पोता और नाती भी मौजूद थे। इसी दौरान उनकी बेटी प्रेमलता दवा देकर घर के अंदर गई। तभी गोरखपुर की ओर से आ रहा एक अनियंत्रित ट्रक घर के बाहर चढ़ गया और चारों लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि चारों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक लालजी को कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा ट्रक को अपने कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के चार लोगों की एक साथ मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।