रांची : अवैध कोयला खनन व परिवहन के खिलाफ में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की टीमअभियान ने मंगलवार की रात हेंदगीर-पतरातू मार्ग पर कोयला लदे दो संदिग्ध ट्रकों को पकड़ा। करीब दो किलोमीटर पीछा करने के बाद दोनों ट्रकों को बिंजा पुल से करीब 300 मीटर पहले रोक लिया गया। कार्रवाई के दौरान एक ट्रक का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया,जबकि दूसरे ट्रक के चालक और खलासी को पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार,केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल को हिंदगीर और कोले क्षेत्र से अवैध कोयला ढुलाई की सूचना मिली थी। कमांडेंट अमित कुमार के निर्देश पर करीब 15 जवानों की टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की थी। रात करीब1:20 बजे दो संदिग्ध ट्रक आते दिखे।रुकने का इशारा करने पर दोनों चालक ट्रक लेकर भागने लगे तो पीछा कर दोनों वाहनों को रोक लिया गया।
ट्रक संख्या जेएच-01-डीडी-7373 का चालक भाग निकला।वहीं जेएच-02-बीएस-4921 के चालक प्रदीप महतो और खलासी सतेंद्र महतो, दोनों निवासी हफुआ,को पकड़ लिया गया।चालक कोयले से संबंधित वैध कागजात नहीं दिखा सका। करीब 3:30 बजे बुढ़मू थाना पुलिस मौके पर पहुंची।केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने दोनों ट्रक,चालक-खलासी, मोबाइल फोन और वाहन की चाबी पुलिस को सौंप दी।मामले में संबंधित कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक की तलाश और कोयले के स्रोत की जांच कर रही है।#viralvideoranchinews
Burmu, Ranchi | Oct 7, 2026