डीएम ने तिलौथू आकांक्षी प्रखंड की समीक्षा की, उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
रोहतास जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सोमवार को आकांक्षी प्रखंड तिलौथू में नीति आयोग के आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने भाग लिया। प्रखंड विकास पदाधिकारी अंकिता जैन ने वर्ष 2022-23 के बेसलाइन डाटा से लेकर मार्च 2026 तक की प्रगति और संपूर्णता अभियान के तहत सभी छह प्रमुख सूचकांकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की जानकारी दी।
समीक्षा के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, आंगनबाड़ी, कृषि और पशुपालन से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों की मरम्मत, 15 दिनों के भीतर पेयजल उपलब्ध कराने, एनक्यूएएस प्रमाणन, एफएमडी टीकाकरण और पात्र किसानों के सॉइल हेल्थ कार्ड बनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही सभी विभागों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य कर तिलौथू को देश का नंबर-1 आकांक्षी प्रखंड बनाने का लक्ष्य लेकर काम करने को कहा।
बैठक के बाद डीएम ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद उन्होंने पीएचसी तिलौथू, मध्य विद्यालय पतलुका और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। विद्यालय में एस्ट्रोनॉमी लैब, दो नए कक्ष और बाउंड्री वॉल निर्माण की घोषणा की गई। अंत में प्रखंड परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।