अररिया पेपरलेस रजिस्ट्री से निबंधन प्रक्रिया सरल, सुगम एवं पारदर्शी: जिलाधिकारी
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन ने गुरुवार को जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण कर संचालित पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में संचालित पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था का अवलोकन किया तथा निबंधन प्रक्रिया से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही वीडयो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी द्वारा सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर पेपरलेस रजिस्ट्री को लेकर ग्रामिणों के बीच जागरूकता फैलाएं।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित, सुगम और पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराना है।
दस्तावेजों को लेकर भ्रम न रखें नागरिक:-
जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे पेपरलेस रजिस्ट्री को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति या अफवाह पर ध्यान न दें। वर्तमान में लागू Paperless Registration में आधार के ऑनलाइन सत्यापन की व्यवस्था है जो सरल, सुरक्षित और पारदर्शी है। निर्धारित व्यवस्था के तहत आवश्यक दस्तावेजों की जांच व प्रविष्टि अब सुरक्षित डिजिटल रूप से निबंधन विभाग के प्लेटफॉर्म पर की जा रही है। दस्तावेज के निबंधित होते ही तत्काल उसे डाउनलोड करने का लिंक पक्षकारों के मोबाइल नंबर, WhatsApp एवं ईमेल पर भेज दिया जा रहा है। इसके साथ ही प्रस्तुतकर्ता को निबंधित दस्तावेज की एक रंगीन प्रति हाथों-हाथ प्रदान की जा रही है। इसके प्रत्येक पृष्ठ पर ऊपर दाहिनी ओर एक QR कोड दिया गया है। इसे स्कैन करते ही निबंधित दस्तावेज का विवरण ऑनलाइन देखा जा सकता है।
ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग और ई-भुगतान की सुविधा:-
इस नई प्रणाली के तहत नागरिक अब विभागीय पोर्टल के जरिए घर बैठे अपनी सुविधानुसार समय (Time Slot) बुक कर सकते हैं। स्टाम्प शुल्क और निबंधन शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग व यूपीआई जैसे डिजिटल माध्यमों से सुरक्षित रूप से किया जा रहा है। निबंधन प्रक्रिया पूरी होते ही डिजिटल रूप से हस्ताक्षरित दस्तावेज ऑनलाइन डाउनलोड किए जा सकेंगे। निबंधन कराने वालों को विष्वसनियता के लिए कार्यालय में टीवी स्क्रीन के माध्यम से पेपरलेस निबंधन की पूरी प्रक्रिया प्रदर्शित की जा रही है। साथ ही कार्यालय के May I Help You पर ऑपरेटरों के माध्यम से आमजन को पेपरलेस निबंधन प्रणाली की जानकारी दी जा रही है एवं उनका सहयोग भी किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिए कि तकनीकी रूप से नागरिकों और दूर-दराज से आने वाले लोगों के लिए कार्यालय में स्थापित ‘हेल्प डेस्क’ को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, ताकि हर नागरिक को सही व स्पष्ट जानकारी मिल सके। इस अवसर पर जिला अवर निबंधक श्री बृज बिहारी शरण एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
पेपरलेस निबंधन से संबंधित लाभ
🔹समय की बचत
🔹सरल, सुगम व पारदर्शी व्यवस्था
🔹पेपर लाने की जरुरत नही
🔹पहचान व गवाह को कार्यालय आने की जरुरत नही
🔹दस्तावेज में छेड़छाड़ संभव नहीं, प्रमाणिकता आसान
🔹दस्तावेज खोने व नष्ट होने का डर खत्म
🔹सुरक्षित डिजिटल अभिलेख
Araria, Araria | Aug 27, 2026