जिलाधिकारी के निदेश पर मृतक के आश्रित को 6 घंटा के अंदर अनुग्रह अनुदान की राशि का भुगतान किया गया
======================
प्रशासन के लिए जनता की संतुष्टि सर्वोपरि; पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए आम जनता के कार्यों को संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाता है: जिलाधिकारी
======================
लोगों को समय से जनहित की योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए सम्पूर्ण प्रशासनिक तंत्र सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहे: जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिया है निर्देश
======================
जिलाधिकारी कुमार गौरव द्वारा प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय, कुढ़नी का औचक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान उन्होंने कार्यालय आए आम जनता से भी मिलकर उनकी समस्याओं को सुना था। इसी क्रम में कुढ़नी के अमरख गाँव से अपने परिजनों के साथ आयी एक आवेदिका श्रीमती रितु कुमारी ने जिलाधिकारी को बताया कि दिनांक 13.10.2025 को अमरख स्थित पोखर में डूबने से उनके पुत्र श्री शुभम कुमार की मृत्यु हो गयी थी। अनुग्रह अनुदान की राशि का भुगतान अभी तक नहीं हुआ है। इसपर जिलाधिकारी ने मौके पर ही अंचल अधिकारी को आवेदनकर्ता को आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत अनुग्रह अनुदान की देय राशि 24 घंटा के अंदर विधिवत उपलब्ध कराने का निदेश दिया था। अंचल अधिकारी द्वारा जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया कि सारी प्रक्रिया पूरी कर आवंटन प्राप्त होते ही मृतक श्री शुभम कुमार के निकटतम आश्रित उनकी माँ श्रीमती रितु कुमारी को अनुग्रह अनुदान की देय राशि प्रदान कर दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार वर्षा के मौसम के बाद असमय भारी वर्षा होने एवं नदी, तालाब, गड्ढा में डूबकर होने वाली मृत्यु को विशेष स्थानीय प्रकृति आपदा के अन्तर्गत अधिसूचित करते हुए मृतक के निकटतम संबंधी को अनुग्रह अनुदान के भुगतान का प्रावधान किया गया है। इसके तहत स्थानीय प्रकृति आपदा से मृत व्यक्ति को चार लाख रुपये के भुगतान का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि मृतक श्री शुभम कुमार के निकटतम आश्रित उनकी माँ श्रीमती रितु कुमारी को अनुग्रह अनुदान की देय राशि उपलब्ध कराने के लिए विधिवत सारी प्रक्रिया पूरी की गई थी। अंचल कार्यालय को आवंटन उपलब्ध कराया गया। तत्पश्चात 22 सितंबर की शाम में ही अंचल अधिकारी, कुढ़नी द्वारा मृतक श्री शुभम कुमार के निकटतम आश्रित उनकी माँ श्रीमती रितु कुमारी को अनुग्रह अनुदान की देय राशि चार लाख रुपया चेक के माध्यम से उपलब्ध करायी गई। मृतक की माँ ने अनुग्रह अनुदान की राशि मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा जिला प्रशासन की तत्परता की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन के लिए जनता की संतुष्टि सर्वोपरि है। जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित करते हुए आम जनता के कार्यों को प्राथमिकता देकर संवेदनशीलता के साथ पूरा किया जाता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार के उद्देश्यों एवं आदेशों के अनुरूप लोक-कल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जा रहा है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि लोगों को समय से जनहित की योजनाओं का लाभ मिले इसके लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध रहें।