राइड बुक करके राइडर की स्कूटी लूटने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार।
कब्ज़ा से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया चाकू व लुटी गई 2 स्कूटी बरामद।
गुरुग्राम, गौरव गर्ग, 5 अगस्त । 3 अगस्त को एक व्यक्ति ने थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम में एक शिकायत के माध्यम से बतलाया कि यह किराये पर स्कूटी लेकर चलाता है। 3 अगस्त को इसको सुबह लगभग 3 बजकर 20 मिनट पर रैपिडो के माध्यम से इसे एक बुकिंग प्राप्त हुई, जिसके बाद यह सैक्टर-43, गुरुग्राम पहुंचा। वहां एक युवक इसकी स्कूटी पर पीछे बैठ गया। कुछ दूरी चलने के बाद उस व्यक्ति ने चाकू निकालकर इसकी गर्दन पर रख दिया। इसी दौरान उसका एक अन्य साथी भी मौके पर आ गया। उन दोनों आरोपियों ने इसको धमकाते हुए इसकी स्कूटी लूट ली और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सुशांत लोक, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।
अपराध शाखा सैक्टर-43, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में 2 आरोपियों को 4 अगस्त को कन्हई ढाणी, गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान सत्यम भट्ट (उम्र-19 वर्ष) निवासी गांव धुंधवार जिला सिद्धार्थनगर (उत्तर-प्रदेश) वर्तमान निवासी गांव झाड़सा, गुरुग्राम व मोहम्मद फरमान (उम्र-19 वर्ष) निवासी गांव धुंधवार जिला निवासी गांव कटरा जिला गोंडा (उत्तर-प्रदेश) वर्तमान निवासी कन्हई, गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने सैक्टर-56,गुरुग्राम थाना क्षेत्र से इसी प्रकार स्कूटी लूट की एक अन्य वारदात को अंजाम देने का खुलासा किया है। उपरोक्त आरोपी फूल बेचने का काम करते हैं। उपरोक्त आरोपी लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए रैपिडो से राइड बुक करते थे। जब राइडर इनको लेने आता तो ये चाकू दिखाकर उनकी स्कूटी लूट लेते थे।
आरोपियों के कब्ज़ा से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किया गया चाकू व लूटी गई 2 स्कूटी बरामद की गई है।
अभियोग में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा रही है। अभियोग अनुसंधानाधीन है।