धर्मशाला कॉलेज के 100 साल पूरे, शताब्दी समारोह में होंगे 100 खास इनिशिएटिव्स!
Kangra Express
धर्मशाला : राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शताब्दी वर्ष समारोह को भव्य बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (OSA) ने “100 इयर्स में 100 इनिशिएटिव्स” थीम के तहत कई कार्यक्रमों की घोषणा की है।
13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में लेगेसी अवार्ड्स, लीजेंड अवार्ड्स और भव्य एलुमनाई मीट का आयोजन होगा। देश-विदेश से हजारों पूर्व छात्रों के धर्मशाला पहुंचने की उम्मीद है।
समारोह के तहत ₹50 प्रति टिकट का लकी ड्रॉ भी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें कुल 100 आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। इनमें हिमाचल के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 2 रात-3 दिन के 32 स्टे पैकेज, मोटरसाइकिल, लैपटॉप, मोबाइल फोन और वॉशिंग मशीन सहित कई पुरस्कार शामिल हैं।
खास बात यह है कि लकी ड्रॉ से प्राप्त पूरी राशि रेड क्रॉस सोसाइटी को दी जाएगी, जिसका उपयोग कैंसर पीड़ितों, गरीबों और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए किया जाएगा।
डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा ने स्पष्ट किया कि ड्रॉ/रैफल जैसी गतिविधियां रेड क्रॉस सोसाइटी के माध्यम से ही आयोजित की जा सकती हैं। उन्होंने OSA की इस पहल को सामाजिक सरोकार से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया।
Kangra, Kangra | Sep 3, 2026