#भरतपुर। राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जयपुर में शासन सचिवालय स्थित सभागार में वीसी के माध्यम से आगामी नगरीय निकाय और पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर राज्य से सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को चुनाव निष्पक्ष, पारदर्शी और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने तथा आचार संहिता लागू होते ही इसकी कड़ाई से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आयुक्त ने संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा बढ़ाने, मतदाता सूची अपडेट करने और मतदान केंद्रों पर पेयजल व रैंप जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। बैठक में आयोग के सचिव राजेश वर्मा ने पीपीटी के जरिए चुनावी प्रक्रिया और समयबद्ध कार्ययोजना की जानकारी दी। जिला कलेक्टरों ने अपने क्षेत्रों की तैयारियों की प्रगति से अवगत कराया, जिस पर आयुक्त ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।