सेब सीजन में यातायात सुचारू रखने के निर्देश, उपायुक्त ने किया नाथपा ब्लॉक पॉइंट का निरीक्षण
- भूस्खलन और चट्टानें गिरने से बार-बार बाधित होता है एनएच-05
Bushahr Today TV
रिकांगपिओ/किन्नौर। उपायुक्त किन्नौऱ सोनाक्षी सिंह तोमर ने शुक्रवार को नाथपा में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 के संवेदनशील ब्लॉक पॉइंट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मार्ग पर यातायात सुचारू बनाए रखने और मौके पर चल रहे कार्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।
नाथपा ब्लॉक पॉइंट पर भूस्खलन और पहाड़ी से चट्टानें गिरने के कारण राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 पर बार-बार यातायात बाधित होता है। इससे वाहन चालकों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान और मार्ग पर आवाजाही सुचारू रखने के लिए यहां आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सेब सीजन के दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर निर्बाध यातायात बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि बागवानों की सेब की फसल समय पर प्रदेश और देश की विभिन्न मंडियों तक पहुंच सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नाथपा ब्लॉक पॉइंट पर चल रहे कार्यों में तेजी लाने के साथ उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि सेब से लदे वाहनों की आवाजाही प्रभावित न हो।
उन्होंने भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने और राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बागवानों, वाहन चालकों और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।