केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर प्रभारी मंत्री ने गिनाईं उपलब्धियां, वृक्षारोपण व स्वच्छता अभियान में लिया भाग
संतकबीरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को जनपद की प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री श्रीमती विजयलक्ष्मी गौतम ने निरीक्षण भवन, खलीलाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन के क्षेत्र में हुए कार्यों को ऐतिहासिक बताया।
प्रेस वार्ता में प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र के साथ देश को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और वैश्विक मंच पर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है।
उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, अनुसूचित जाति एवं जनजाति सहित समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, विधायक अंकुर राज तिवारी, विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिला प्रभारी भाजपा अजय सिंह गौतम, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
वृक्षारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
प्रभारी मंत्री ने विकासखंड खलीलाबाद के कंपोजिट विद्यालय सरैया परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। उन्होंने जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वृक्षारोपण अभियान को जन आंदोलन का रूप दिया जाए तथा निर्धारित लक्ष्य से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित किया जाए।
झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश
प्रभारी मंत्री, भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने कंपोजिट विद्यालय सरैया में स्वच्छता अभियान के तहत स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई की। उन्होंने लोगों से स्वच्छ भारत अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं।
इस दौरान उपजिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। Part 2