जमुई: ललदैया काजवे पुल का 08 पाया हुआ क्षतिग्रस्त,
पुल के कई हिस्सों में आई दरार, लोगों की बढ़ी मुसीबत
जमुई जिले के खैरा प्रखंड के दक्षिणी क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण ललदैया काजवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल के पाया संख्या 16 से 25 के बीच आठ पायों को नुकसान पहुंचा है। पुल के क्षतिग्रस्त होने से हजारों लोगों के सामने आवागमन का संकट खड़ा हो गया है। अब लोगों को दूसरे रास्ते से करीब 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इसका वीडियो गुरुवार की सुबह 8:00 बजे सामने आई है।
दरअसल गिद्धेश्वर और कुर्वाटांड के बीच स्थित यह पुल इलाके के लोगों के लिए लाइफलाइन माना जाता है। यह मार्ग जमुई को नवादा से जोड़ने के साथ झारखंड की ओर आवागमन का भी महत्वपूर्ण रास्ता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, छात्र, किसान, शिक्षक और अन्य लोग इसी मार्ग से खैरा और जमुई आते-जाते हैं। पुल के क्षतिग्रस्त होने से अंतरजिला आवागमन भी प्रभावित हुआ है। साथ ही खास तौर पर मरीजों की परेशांनी बढ़ गई है। मरीजों को इलाज के लिए ख़ैरा पीएचसी या सदर अस्पताल व अन्य हॉस्पिटल जाने के लिए लोहे का चना चबाना पड़ेगा यानि मरीजों के बीच भीषण संकट उतपन्न हो गई है।
बताया जाता है कि पुल की स्थिति पहले से ही जर्जर थी और भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई गई थी। इसी बीच क्षतिग्रस्त पुल से गुजरने के दौरान एक बाइक नदी में फंस गई। हालांकि बाइक सवार सुरक्षित बच गया। घटना के बाद लोगों में पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हालांकि लोगों की सुविधा को देखते हुए पुराने पुल के बगल में नए पैरेलल पुल का निर्माण कराया जा रहा है। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से कराया जा रहा यह निर्माण कार्य फिलहाल प्रगति पर है और लगभग पूरा होने की स्थिति में बताया जा रहा है। नया पुल चालू होने के बाद लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
करीब 22 वर्ष पहले, वर्ष 2004 के आसपास जल संसाधन विभाग की ओर से लगभग 344 लाख रुपये की लागत से पुराने पुल का निर्माण कराया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक नए पुल के निर्माण के लिए बगल में की गई खुदाई के कारण पुराने पुल के पाया के आसपास जमीन प्रभावित हुई, जिसके बाद पुल में दरार आने और इसके क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बनी। हालांकि इसकी वास्तविक वजह विभागीय जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कहीं न कहीं मानक के विरुद्ध बालू खनन भी पुल की दयनीय स्थिति की जिम्मेदार है। अत्यधिक बालू खनन और नियम की अनदेखी से पुल के आसपास के बालू का भी बहाव पानी की धार के साथ हो गया है। इसको लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश व्याप्त है। फिलहाल सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवागमन पर रोक लगा दी गई है और बगल में बन रहे नए पुल के निर्माण कार्य को तीव्र कर दिया गया है। #jamuibihar #jamuitopnews #zilaprashasanjamui #jamuiPolice #viral #viralreels
Jamui, Jamui | Aug 27, 2026