हजारों श्रद्धालुओं के साथ राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार की कांवड़ यात्रा, क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना
छतरपुर। सावन माह के पावन अवसर पर राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार द्वारा चंदला से खजुराहो स्थित भगवान मतंगेश्वर महादेव मंदिर तक विशाल कांवड़ यात्रा निकाली गई। यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
कांवड़ यात्रा चंदला से प्रारंभ होकर खजुराहो पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया।
राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने कहा कि यह कांवड़ यात्रा क्षेत्र की जनता की खुशहाली, उन्नति और कल्याण के लिए निकाली गई है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ की आराधना से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और भाईचारे का संदेश मिलता है।
यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं बुजुर्ग श्रद्धालु शामिल रहे। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन एवं पुलिस बल भी तैनात रहा।