ग्वालियर के ग्राम कुलैथ में 13 नवंबर को लगेगा विशाल किसान-पशुपालक मेला, बैलगाड़ी और घोड़ा दौड़ होंगी मुख्य आकर्षण,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे मुख्य अतिथि, बैलगाड़ी दौड़ के विजेता को मिलेगा 1 लाख 11 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार।
ग्वालियर। ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुलैथ में 13 नवंबर 2026, शुक्रवार को विशाल किसान-पशुपालक मेला, बैलगाड़ी दौड़ एवं कन्हैया लोकगीत कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन की तैयारियों एवं रूपरेखा को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह राजपूत एवं भाजपा युवा मोर्चा ग्वालियर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष और कार्यक्रम आयोजक शिवराज यादव ने प्रेस वार्ता कर पत्रकारों को जानकारी दी।
शिवराज यादव ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण संस्कृति, किसान परंपराओं, पशुपालन एवं लोककलाओं को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में क्षेत्र के किसानों, पशुपालकों, युवाओं एवं ग्रामीणजनों की बड़ी भागीदारी रहेगी।
पांच प्रमुख प्रतियोगिताएं रहेंगी आकर्षण का केंद्र
आयोजन में बैलगाड़ी दौड़, घोड़ा दौड़, नाल प्रतियोगिता, पैदल दौड़ एवं पशु मेले का आयोजन किया जाएगा। बैलगाड़ी दौड़ में प्रथम पुरस्कार 1 लाख 11 हजार, द्वितीय 71 हजार, तृतीय 51 हजार एवं चतुर्थ पुरस्कार 31 हजार रुपये रखा गया है।