*देवकली में 2.40 करोड़ की लागत से बने पीएचसी भवन का लोकार्पण, 30 हजार आबादी को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा*
*94 प्रकार की दवाएं और 14 तरह की जांच की सुविधा शुरू, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के प्रयास से साकार हुआ सपना*
बलिया। हनुमानगंज ब्लॉक के देवकली गांव (हरपुर महावल खुर्द) में शनिवार को स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली। यहां लगभग 2.40 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के भवन का लोकार्पण शनिवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार ने किया। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र की करीब 30 हजार आबादी को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी। पीएचसी के निर्माण में प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की महत्वपूर्ण पहल और प्रयासों की अहम भूमिका रही है।
लगभग 240.90 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस चिकित्सालय भवन का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ की ओर से करीब दो वर्षों में पूरा कराया गया है। डेढ़ बीघा क्षेत्रफल में फैले इस परिसर में मुख्य चिकित्सा भवन के साथ चिकित्साधिकारी और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए गए हैं। स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य सेवाएं शुरू करते हुए 94 प्रकार की दवाओं की उपलब्धता, 14 प्रकार की जांच और सामान्य ओपीडी की सुविधा सुनिश्चित की गई है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र कुमार ने कहा कि नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के संचालन से आसपास के गांवों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। इससे ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार और आवश्यक जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में नहीं जाना पड़ेगा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी। वहीं, वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से समारोह को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि देवकली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। हमारा प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरों की तरह बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। इस केंद्र के शुरू होने से लोगों को स्थानीय स्तर पर ही उपचार, दवाओं और जांच की सुविधा मिल सकेगी। छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अब उन्हें दूर-दराज के अस्पतालों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभय नारायण राय, यूपीआरएनएसएस के अधिशासी अभियंता सुनील सिंह चंदेल, भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कुमार उर्फ टून जी पाठक, महावीर पाठक, धर्मेंद्र सिंह, अमरनाथ राय, भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष श्वेता राय, रत्नाकर राय सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद चौधरी, जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. अभिषेक मिश्रा, हनुमानगंज के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र, जिला कार्यक्रम प्रबंधक राजशेखर तथा देवकली की ग्राम प्रधान अंजली राय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
Ballia, Ballia | Nov 14, 2026