हर सिवरेज व नाले की गहराई तक करें सफाई, नहीं होगी लापरवाही बर्दाश्त- सुमन बहमनी
मेयर ने जांची नालों व सिवरेज की सफाई व्यवस्था, गहराई तक सफाई करने के दिए निर्देश
मॉडल टाउन के वेयर हाउस से लेकर डिच ड्रेन तक लिया नालों की सफाई व्यवस्था का जायजा
यमुनानगर। आगामी मानसून के दौरान शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए नगर निगम द्वारा नालों की सफाई युद्धस्तर पर की जा रही है। मेयर सुमन बहमनी और निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद खुद नालों की सफाई का जायजा लेकर नालों से अवरोधक दूर करवा रहे है। इसी कड़ी में मंगलवार को मेयर सुमन बहमनी ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा, एसडीओ रोहित रस्तोगी, नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल और अन्य अधिकारियों के साथ मॉडल टाउन के वेयर हाउस से लेकर जम्मू कॉलोनी डिचड्रेन तक नालों का निरीक्षण कर सफाई कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालों में गंदगी मिली। जिसकी मौके पर सफाई कराई गई। मेयर सुमन बहमनी ने जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को सभी सिवरेज को दुरुस्त करने, ब्लॉकेज खोलने और सभी मेनहोल बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके अलावा निगम अधिकारियों और एजेंसी को सभी नालों की मानसून से पहले गहराई तक साफ करने के निर्देश दिए।
मंगलवार सुबह मेयर सुमन बहमनी अधिकारियों के साथ सबसे पहले मॉडल टाउन में वेयर हाउस गोदाम के पास बड़े नाले पर पहुंची। उन्होंने नाले की सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मेयर सुमन बहमनी ने स्वयं नालों की गहराई तक सफाई की स्थिति जांची। इसके बाद उन्होंने संत निश्चल सिंह स्कूल के पिछले गेट के पास, सरोजनी कालोनी, शक्ति नगर, टैगोर गार्डन, लाजपत नगर, विजय कालोनी, महाराणा प्रताप चौक के पास, कैंप, जम्मू कॉलोनी सिवरेज ट्रीटमेंट प्लांट और डिच ड्रेन का जायजा लिया। जहां-जहां सफाई कार्य अधूरा मिला, वहां मौके पर ही कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई। निरीक्षण के दौरान मेयर ने स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनकर कई स्थानों पर पानी की निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
मेयर सुमन बहमनी ने नालों की सफाई कर रही एजेंसी के पदाधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक नाले की तली तक जमी गाद (सिल्ट) को पूरी तरह बाहर निकाला जाए और उसका तुरंत उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि वह दोबारा नाले में न बहे। जहां भी धंसे हुए स्लैब या अतिक्रमण हैं, उन्हें तुरंत हटाया जाए। मानसून से पहले शहर के शत-प्रतिशत छोटे-बड़े नालों की सफाई हर हाल में पूरी होनी चाहिए। इस कार्य में किसी भी स्तर पर कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मानसून शुरू होने से पहले शहर के सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई हर हाल में पूरी की जाए।
फोटो कैप्शन - नालों की सफाई का निरीक्षण करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।
अधिकारियों को निर्देश देते मेयर सुमन बहमनी।