सिंहस्थ-2028
-------------
नियमित निरीक्षण-91
---------------
हरिफाटक अंडरपास निर्माण कार्य में तेजी लाएं, यातायात प्रभावित न हो इसके लिए वैकल्पिक मार्ग की कार्ययोजना तैयार करें—संभागायुक्त श्री सिंह
संभागायुक्त और कलेक्टर श्री ने हरिफाटक अंडरपास सहित प्रस्तावित मार्ग एवं एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया
उज्जैन, 12 अक्टूबर। सिंहस्थ-2028 के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश व उनकी मंशानुसार शहर में प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण, एलिवेटेड कॉरिडोर, अंडरपास एवं नई रोड कनेक्टिविटी के विभिन्न विकास कार्य प्रगतिरत है। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, गति और यातायात व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए सोमवार को संभागायुक्त सह सिंहस्थ मेला अधिकारी श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने हरिफाटक ब्रिज के समीप निर्माणाधीन अंडरपास सहित विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया।
नियमित निरीक्षण के तहत संभागायुक्त श्री सिंह और कलेक्टर श्री सिंह ने हरिफाटक ब्रिज के समीप पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन द्वारा निर्माणाधीन अंडरपास के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। यहां 629 मीटर लंबा अंडरपास तथा 7.5-7.5 मीटर के कैरिज-वे का निर्माण किया जा रहा है। संभागायुक्त श्री सिंह ने अंडरपास निर्माण की प्रगति के साथ ही जल निकासी की व्यवस्था, निर्माण के दौरान वाहनों की आवाजाही तथा यातायात प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अंडरपास निर्माण के दौरान आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो और यातायात भी सुचारू रूप से चलता रहे। इसके लिए यातायात पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर वैकल्पिक मार्गों की कार्ययोजना तत्काल तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि यातायात डायवर्जन की व्यवस्था इस प्रकार की जाए कि निर्माण कार्य की गति भी प्रभावित न हो और आमजन को अनावश्यक परेशानी ना हो। संभागायुक्त श्री सिंह ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। यातायात डायवर्जन के दौरान पर्याप्त सुरक्षा एवं संकेतक की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। संभागायुक्त श्री सिंह ने हरिफाटक ब्रिज चौराहे पर तैनात यातायात पुलिस जवान श्री प्रहलाद सिंह परमार से भी यातायात संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने बेहतर यातायात व्यवस्था के संबंध में उनके सुझाव भी प्राप्त किए। इसके बाद संभागायुक्त श्री आशीष सिंह और कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह ने गदापुलिया चौराहा, इंदौर गेट चौराहा एवं निकास चौराहा क्षेत्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन एलिवेटेड कॉरिडोर तथा मार्ग कनेक्टिविटी से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग के यातायात डीएसपी श्री दिलीप सिंह परिहार, पीडब्ल्यूडी सिंहस्थ डिवीजन के अधिकारी एवं इंजीनियर तथा निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Collector Office Ujjain
Ujjain Commissioner
CM Madhya Pradesh
PRO Ujjain
Simhasth2028
Jansampark Madhya Pradesh
13 views | Umaria, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026