श्रीराम का जीवन सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की देता है प्रेरणा: राज्यपाल
राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने ढालपुर में किया अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का शुभारंभ
Bushahr Today TV
कुल्लू/हिमाचल। प्रदेश के राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने बुधवार को ढालपुर में सप्ताह भर चलने वाले अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों में शामिल इस उत्सव का आगाज हुआ।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि कुल्लू दशहरा केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति, लोक परंपराओं, सामूहिक आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, न्याय और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
राज्यपाल ने कहा कि देव संस्कृति और लोक संस्कृति का अनूठा संगम कुल्लू दशहरा को विशिष्ट पहचान प्रदान करता है और देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर इसे विशेष स्थान दिलाता है। उन्होंने कहा कि परंपराएं केवल अतीत की विरासत नहीं हैं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए सामर्थ्य एवं मार्गदर्शन का स्रोत भी हैं।
उन्होंने कहा कि समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का संरक्षण करना और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कुल्लू दशहरा जैसे उत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ समाज में आपसी सद्भाव और एकता को भी मजबूत करते हैं।
Rampur, Shimla | Oct 21, 2026