मसरूवाला में बसों के ठहराव की मांग को लेकर ग्रामीणों का हल्लाबोल, लिखित समझौते के बाद चक्का जाम समाप्त
माकपा के नेतृत्व में प्रदर्शन; पुलिस की कड़ी चौकसी से कायम रही शांति व्यवस्था, विभागीय कार्रवाई की चेतावनी पर खुला हाईवे
#लालबहादुर_भाखर #BreakingNews #RajasthanNews
पीलीबंगा/ हनुमानगढ़ :-
पीलीबंगा के निकटवर्ती गांव मसरूवाला के बस स्टैंड पर बसों के नियमित ठहराव तथा यात्रियों को चढ़ाने-उतारने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जोरदार आंदोलन किया। माकपा नेताओं के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं और पुरुषों ने बस स्टैंड पर एकत्रित होकर राज्य मार्ग पर दो बार चक्का जाम किया, जिससे क्षेत्र का यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस व्यवस्था रही चाक-चौबंद, शांति व्यवस्था बनी रही
आंदोलन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मौके पर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। सदर थाना प्रभारी राजीव रॉयल तथा डबली राठान चौकी इंचार्ज रमेश चंद्र की अगुवाई में पुलिस बल ने मुस्तैदी से स्थिति को संभाला, जिसके परिणामस्वरूप ग्रामीणों के आक्रोश और प्रदर्शन के बावजूद संपूर्ण क्षेत्र में कानून व शांति व्यवस्था चाक-चौबंद रही।
ग्रामीणों के चक्काजाम,प्रदर्शन की सूचना मिलते ही उप तहसीलदार रवि कुमार, परिवहन विभाग के यातायात अधिकारी पवन कुमार चुघ, राजस्थान रोडवेज निगम के अधिकारी रणधीर सिंह पूनिया तथा लोक परिवहन यूनियन के जिलाध्यक्ष मौके पर पहुंचे।
प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर वार्ता के लिए राजी किया। वार्ता में ग्रामीणों और किसान-महिला संगठनों की ओर से माकपा नेता गोपाल बिश्नोई, मनीराम मेघवाल, बग्गा सिंह गिल, प्रहलाद कुमार, जगजीत सिंह सहोता, मेवाराम कालवा, जनवादी महिला समिति की प्रदेश अध्यक्ष कमला मेघवाल, ममता कालवा, राधा मेघवाल, पूजा मेघवाल, सुखजीत कौर, मनजीत कौर, हरदेव कौर, नसीब कौर, लखविंदर सिंह, महेंद्र सिंह, अमरजीत, पप्पू सिंह, प्रमोद साहनी, विनोद मावर, सरपंच जसवीर सिंह, अनिल चौधरी तथा सुभाष मेघवाल शामिल हुए।
लिखित समझौते के अनुसार मसरूवाला बस स्टैंड पर सभी निर्धारित बसों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा।
जो बस चालक बस नहीं रोकेगा, उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी तथा उल्लंघन करने पर बस का परमिट रद्द किया जाएगा।
रोडवेज व लोक परिवहन के चालकों व परिचालकों को यात्रियों के साथ अपने व्यवहार में सुधार लाने के कड़े निर्देश दिए गए।
अधिकारियों द्वारा लिखित में सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामीणों ने सहमति जताते हुए राज्य मार्ग से जाम हटा लिया, जिसके बाद यातायात सुचारू रूप से बहाल हो सका। आंदोलन की सफलता पर माकपा के वरिष्ठ नेता मनीराम मेघवाल ने कहा कि यह जीत ग्रामीणों के संगठित संघर्ष, एकजुटता और हक की लड़ाई का परिणाम है।