सिंगरौली को मिली अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र की सौगात
सातों दिन मिलेगी आधार संबंधी सेवाएं, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक एवं गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सेवा काउंटर
सिंगरौली, 7 सितम्बर 2026। आधार सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक सुगमता, पारदर्शिता एवं दक्षता के साथ पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण द्वारा सिंगरौली में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित आधार सेवा केंद्र का संचालन आम नागरिकों के लिए प्रारंभ कर दिया गया है। नवीन आधार सेवा केंद्र के प्रारंभ होने से जिले के नागरिकों को आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध होगी। नागरिक अब सर्वे क्रमांक 1245/2, नवानगर मुख्य मार्ग, टोयोटा एजेंसी के सामने, माजनखुर्द, वैढ़न, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश–486887 स्थित नवीन आधार सेवा केंद्र पहुंचकर आधार से संबंधित विभिन्न सेवाओं का लाभ ले सकते हैं। आधार सेवा केंद्र पर नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सप्ताह के सातों दिन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। केंद्र में दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष सेवा काउंटर की व्यवस्था की गई है, जिससे उन्हें आधार संबंधी कार्यों के लिए प्राथमिकता के साथ सुविधा मिल सकेगी।
नागरिकों की सुविधा के लिए केंद्र पर ऑनलाइन पूर्व नियुक्ति की व्यवस्था भी उपलब्ध है। नागरिक अपनी आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन समय निर्धारित कर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंच सकते हैं। इससे प्रतीक्षा समय कम होने के साथ ही आधार संबंधी कार्य अधिक व्यवस्थित एवं सुगम तरीके से संपन्न किए जा सकेंगे। जिले में आधुनिक आधार सेवा केंद्र के संचालन से नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाओं के लिए बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही समय एवं श्रम की बचत होगी। नागरिक ऑनलाइन पूर्व नियुक्ति लेकर आधार सेवा केंद्र की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
Singrauli, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026