*वंदे मातरम के 150 वर्ष की थीम पर हर घर तिरंगा अभियान*
*12 अगस्त को जिला स्तर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा का किया जाएगा आयोजन*
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार से प्राप्त पत्र के आलोक में "हर-हर तिरंगा अभियान 2026"कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारी,सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, जीविका के नोडल पदाधिकारी तथा स्काउट और गाइड के जिला आयुक्त के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई जिसमें जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि प्राप्त गाइडलाइन के अनुसार सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का सफल निर्वहन करें ताकि इस कार्यक्रम को भव्य रूप दिया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्र गीत 'वंदे मातरम' के 150 वर्ष की थीम पर आयोजित किया जा रहा है जिसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, सरकारी कार्यालय, सार्वजनिक भवन/स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव की भावना को प्रबल बनाना है तथा व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करना है।
इस अभियान के अंतर्गत वंदे मातरम आधारित प्रदर्शनी, तिरंगा रैली/ यात्रा, सेल्फी विद तिरंगा, प्रकाश सज्जा, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम का सामूहिक गायन सहित जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कराने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी के द्वारा बताया गया आगामी 12 अगस्त, 2026 को जिला स्तर पर समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन करने की तैयारी प्रारंभ कर दी जाए। इसके लिए उप विकास आयुक्त पूर्वी चंपारण और नगर आयुक्त नगर निगम मोतिहारी को नोडल पदाधिकारी बनाया गया। 15 अगस्त को प्रेक्षा गृह में हर-हर तिरंगा थीम पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी को निर्देश दिया गया। तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए कार्यक्रमों के आयोजन एवं समय निर्धारण करने हेतु एक समिति गठित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी के द्वारा समाहरणालय परिसर को वंदे मातरम थीम आधारित लाइटिंग की व्यवस्था शीघ्र करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि तिरंगा अभियान अंतर्गत कार्यक्रमों का आयोजन आगामी 9 अगस्त से 17 अगस्त तक किया जाना है। इस आयोजन में कला संस्कृति विभाग,शिक्षा विभाग,जीविका, पंचायती राज विभाग, सहकारिता विभाग, एनसीसी, एनएसएस एवं मेरा जुआ भारत, खेल क्लब,युवा संगठन, स्वयंसेवी संस्थाएं, नागरिक समाज, व्यापारिक संघ एवं उद्योग संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बैठक में उपस्थित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि प्रखंड स्तर आयोजित होने वाले कार्यक्रम की समीक्षा एवं अनुश्रवण करेंगे एवं हर घर तक तिरंगा पहुंचे इसकी समुचित व्यवस्था करते हुए इसे सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में जिलाधिकारी के साथ नगर आयुक्त श्री आशीष कुमार,उप विकास डॉ प्रदीप कुमार, अपर समाहर्ता लोक शिकायत श्री शैलेंद्र कुमार भारती, अपर समाहर्ता विभाग जांच मो सिबगतुल्लाह, सहायक समाहर्ता श्री राज कृष्ण झा सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar