क्विज प्रतियोगिता में बद्री केदार सदन ने मारी बाजी, 56 अंकों के साथ हासिल किया प्रथम स्थान
खण्डाह। कारगिल शहीद कुलदीप सिंह राजकीय इंटर कॉलेज खण्डाह, खिर्सू, पौड़ी गढ़वाल में आयोजित क्विज प्रतियोगिता के परिणाम घोषित किए गए। पांच राउंड में हुई प्रतियोगिता में बद्री केदार सदन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 56 अंकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं गंगोत्री सदन 46 अंकों के साथ उपविजेता और नन्दा देवी सदन 37 अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहा।
प्रतियोगिता के बाद आयोजित पारितोषिक वितरण समारोह में विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता भोपाल सिंह चौधरी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, ज्ञानवर्धन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धात्मक भावना के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विद्यालय पहुंचने पर भोपाल सिंह चौधरी ने भाजपा के शीर्ष नेता एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. मोहन सिंह रावत ‘गांववासी’ को भी भावपूर्ण स्मरण किया। उन्होंने बताया कि राजकीय इंटर कॉलेज खण्डाह के भवन की आधारशिला डॉ. गांववासी द्वारा रखी गई थी। उन्होंने डॉ. गांववासी को सच्चा देशभक्त बताते हुए उनके साथ बिताए समय की स्मृतियां भी साझा कीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह नेगी ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आयोजक-संयोजक महेश गिरि ने प्रतियोगिता के आयोजन में विशेष सहयोग के लिए श्रीमती मीमांसा चमोली का आभार व्यक्त किया।
प्रतियोगिता में तीन टीमों ने प्रतिभाग किया। गंगोत्री सदन की टीम में सुहानी भण्डारी, इशिका चौहान और वैष्णवी गैरौला शामिल रहीं। नन्दा देवी सदन की टीम में अक्षिता गैरौला, रविन धनाई और प्रिया ने प्रतिभाग किया। वहीं बद्री केदार सदन की टीम में आंचल नेगी, अम्बिका पाण्डेय और अनन्या नेगी शामिल रहीं।
कार्यक्रम में गोविन्द सिंह नथवान, हेम चन्द्र ममगाईं, जसपाल सिंह बिष्ट, कुंजबिहारी सकलानी, भगवती प्रसाद गौड़, कुसुम लता थपलियाल एवं लक्ष्मी सेन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पवन ग्वाड़ी, मयंक पंत एवं राकेश रूडोला का विशेष सहयोग रहा।
प्रतियोगिता का परिणाम:
🥇 प्रथम — बद्री केदार सदन — 56 अंक
🥈 द्वितीय — गंगोत्री सदन — 46 अंक
🥉 तृतीय — नन्दा देवी सदन — 37 अंक