समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 13 जून 2026
*मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क*
*14 एवं 17 जून को दो पालियों में होगी परीक्षा, कदाचारमुक्त संचालन हेतु व्यापक तैयारी*
मधेपुरा, 13 जून 2026
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही, गृह विभाग (कारा) के अंतर्गत कक्षपाल तथा परिवहन विभाग में चलंत दस्ता सिपाही पदों के लिए आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी-सह-परीक्षा संयोजक श्री अभिषेक रंजन की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक श्री संदीप सिंह की उपस्थिति में डीआरडीए परिसर स्थित झल्लू बाबू सभागार में संबंधित केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं अन्य प्रतिनियुक्त अधिकारियों के साथ समीक्षा एवं ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर समाहर्ता (आपदा)-सह-नोडल पदाधिकारी द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं सफल संचालन को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी अधिकारियों को समयबद्धता, सतर्कता, समन्वय एवं पारदर्शिता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
ज्ञातव्य है कि कुल 4,236 रिक्त पदों के लिए लिखित परीक्षा 14 जून 2026 (रविवार) एवं 17 जून 2026 (बुधवार) को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली के अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय प्रातः 8:00 बजे तथा द्वितीय पाली के लिए अपराह्न 1:00 बजे निर्धारित किया गया है। प्रथम पाली में अभ्यर्थियों को प्रातः 9:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 बजे तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश अनिवार्य रूप से प्राप्त कर लेना होगा। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन एवं प्रभावी निगरानी के लिए विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं सुरक्षा बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही प्रश्नपत्रों की गोपनीयता एवं परीक्षा की शुचिता बनाए रखने हेतु प्रत्येक तिथि एवं पाली के लिए अलग-अलग परीक्षा कोड एवं रंग निर्धारित किए गए हैं। सभी केंद्राधीक्षकों को परीक्षा संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बरतने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचें, अपना प्रवेश-पत्र एवं वैध पहचान-पत्र साथ रखें तथा परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुरक्षा, निगरानी एवं समन्वय की व्यापक व्यवस्था की गई है ताकि सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं अनुकूल परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला मुख्यालय में नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना अथवा आवश्यक जानकारी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 06476-222220 पर संपर्क किया जा सकता है।
— जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
#Newskosisanchar11 #deshhitsamachar11 #ashishboltabharat #COVID19 #samratchoudhary #covid