श्रीकृष्ण कृपा जियो गीता समिति बैठक आयोजित, स्वामी ज्ञानानंद महाराज के तीन दिवसीय दिव्य कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार, समितियों का हुआ गठन
भिवानी, 28 जून : स्थानीय हलवासिया विद्या विहार के प्रांगण में रविवार को श्रीकृष्ण कृपा जियो गीता समिति भिवानी के तत्वावधान में बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक 14 जुलाई से 16 जुलाई तक भिवानी में आयोजित होने वाले गीता मनीषी महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज के आध्यात्मिक कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुलाई गई थी। बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया और उपस्थित सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक के दौरान कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवास, भोजन, प्रचार-प्रसार, पंडाल व्यवस्था, स्वागत समिति और यातायात प्रबंधन सहित कई उप-समितियों का गठन किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से अपनी सहमति जताते हुए इस पावन कार्य में योगदान देने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए श्रीकृष्ण कृपा जियो गीता परिवार भिवानी के अध्यक्ष नरेश कुमार आहूजा ने कहा कि यह भिवानी की धर्मप्रेमी जनता के लिए परम सौभाग्य का विषय है कि 14 से 16 जुलाई तक गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का सानिध्य और उनके मुखारविंद से गीतामृत सुनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वामी का जीवन गीता के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। आज की बैठक में सभी सदस्यों ने जिस प्रकार उत्साह दिखाया है, उससे साफ है कि यह आयोजन अभूतपूर्व होगा। हमारी कोशिश है कि शहर के हर नागरिक तक इस दिव्य कार्यक्रम का निमंत्रण पहुंचे और कोई भी इस आध्यात्मिक लाभ से वंचित न रहे। महासचिव विनोद कुमार छाबड़ा ने कहा कि इतने बड़े स्तर के आध्यात्मिक समागम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए सूक्ष्म स्तर पर योजना बनाना जरूरी था। इसीलिए आज सभी सेवाभावी सदस्यों की सहमति से अलग-अलग विभागों और समितियों का गठन कर दिया गया है। बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने स्वामी ज्ञानानंद महाराज के जयघोष के साथ कार्यक्रम को भव्य रूप देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विशम्भर अरोड़ा, बृजेश कुमार जावला, दर्शन कुमार मिड्ढा, पवन मदान, राधाकृष्ण चावला, राजेंद्र कुमार शर्मा, प्रवीण मेहता, सीमा मेहता, महिला अध्यक्ष सुमन शर्मा, कृष्ण कुमार हंस, विजय शर्मा, डॉक्टर मुरलीधर शास्त्री, युवा अध्यक्ष संजय कामरा और ओम प्रकाश तनेजा सहित अनेक सेवाभावी सदस्य शामिल रहे।