#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे "महिला सुरक्षा संकल्प अभियान" के तहत स्थानीय जानना अस्पताल परिसर में एक दिवसीय महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक आशिमा वासवानी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में मेडिकल छात्राओं, महिला डॉक्टरों, एएनएम, जीएनएम और आशा सहयोगिनियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान महिला पुलिस अधिकारियों और विशेष प्रशिक्षकों ने छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए आत्मरक्षा के व्यावहारिक तरीके सिखाए और उनका प्रदर्शन कर हौसला बढ़ाया। इसके साथ ही 'बालिका सुरक्षा संवाद' के तहत एएसपी आशिमा वासवानी ने छात्राओं व मेडिकल स्टाफ से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीड़न और महिला अधिकारों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं को आपातकालीन स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों, हेल्पलाइन नंबरों और 'राजकॉप सिटीजन ऐप' के उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया, ताकि वे स्वयं को सुरक्षित और सशक्त महसूस कर सकें।