#भरतपुर। पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' के तहत जिला पुलिस अधीक्षक शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में डीग जिले में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अंतर्गत थाना कोतवाली डीग पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए क्षेत्र की एकल बुजुर्ग महिलाओं और बुजुर्ग दंपतियों के घर-घर जाकर उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिस टीम ने उन्हें राज्य सरकार की वरिष्ठ जन संबल योजना 'सीनियर इज नॉट अलोन' की जानकारी दी और सुरक्षा के लिहाज से नौकर व किराएदार सत्यापन तथा आत्मरक्षा के उपायों के प्रति जागरूक किया। दूसरी ओर, कामां थाना पुलिस ने राजकीय विद्यालय में छात्र-छात्राओं के समूह को एकत्रित कर महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के मुद्दों पर जागरूक किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश यादव और वृताधिकारी राजेश शर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को राजकांप ऐप, महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, साइबर सेफ्टी, सड़क सुरक्षा नियमों और महिलाओं से जुड़े कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। डीग पुलिस महिलाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।