माननीय मंत्री,आपदा प्रबंधन की अध्यक्षता में सम्भावित बाढ़ से निपटने हेतु की गई तैयारी संबंधित समीक्षात्मक बैठक संपन्न
आज दिनांक 11.06.2026 को स्थानीय विकास भवन में माननीय आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सादा की अध्यक्षता में संभावित बाढ़ से निपटने हेतु की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप सभी आवश्यक तैयारियों को 15 जून से पूर्व पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। मंत्री ने बाढ़ की स्थिति में प्रभावित परिवारों के आश्रय हेतु चिन्हित स्थलों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने तथा इन स्थलों को यथासंभव ऊँचे स्थानों पर चयनित करने का निर्देश दिया। बैठक में पूर्वी कोशी तटबंध के चंद्रायन, कोपरिया एवं सुपौल क्षेत्रों तथा पश्चिमी कोशी तटबंध के निर्मली क्षेत्र में आवश्यकतानुसार कटाव निरोधक कार्यों को अविलंब पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। समीक्षा क्रम में पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा पुल-पुलियों के वेंट की सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण करने पर भी बल दिया गया। इसके अतिरिक्त अंचलाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, सलखुआ एवं नवहट्टा को निजी नाव मालिकों के साथ एकरारनामा की प्रक्रिया अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किया जा सके। मंत्री ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखने तथा संभावित बाढ़ की किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक आयोजन से पूर्व माननीय मंत्री महोदय का स्वागत जिलाधिकारी श्री दीपेश कुमार द्वारा पौधा देकर किया गया।उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त श्री गौरव कुमार,अपर समाहर्ता(आपदा प्रबंधन) श्री निशांत सहित अन्य संबंधित उपस्थित थे।
16 views | Samastipur, Bihar | Jun 11, 2026