पिपलियामंडी में 136 क्विंटल लहसुन की हेराफेरी का खुलासा, ट्रक मालिक गिरफ्तार; 8.72 लाख रुपए और 15 लाख का आयशर जब्त
मंदसौर। पिपलियामंडी कृषि मंडी के व्यापारी के 136.85 क्विंटल लहसुन की हेराफेरी और अमानत में खयानत के मामले में पिपलियामंडी पुलिस ने ट्रक मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हेराफेरी से अर्जित 8 लाख 72 हजार 810 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल किया गया करीब 15 लाख रुपए कीमत का आयशर ट्रक जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त को पिपलियामंडी निवासी व्यापारी लोकेश पिता शंकरलाल हरजानी ने शिकायत दर्ज कराई थी। व्यापारी को पश्चिम बंगाल की गुप्ता ट्रेडिंग कंपनी, धुपगुड़ी से 432 बोरी लहसुन, कुल वजन 136.85 क्विंटल की डिलीवरी का ऑर्डर मिला था। माल पहुंचाने के लिए मंदसौर के एक ट्रांसपोर्ट के माध्यम से आयशर ट्रक क्रमांक HR39G8686 मंगवाया गया था।
23 अगस्त को ट्रक व्यापारी की फर्म पर पहुंचा, जिसमें ड्राइवर दिनेश सिंह और अकबर अंसारी मौजूद थे। लहसुन ट्रक में लोड कर डिलीवरी के लिए रवाना किया गया, लेकिन पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने निर्धारित स्थान पर माल पहुंचाने के बजाय लहसुन की हेराफेरी कर दी।
शिकायत पर पिपलियामंडी थाने में अपराध क्रमांक 256/2026 के तहत धारा 316(3) BNS में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फर्जी नंबर प्लेट से किया गया ट्रक का इस्तेमाल
मामले की जांच में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल की तकनीकी मदद ली। जांच के दौरान सामने आया कि लहसुन की हेराफेरी में ट्रक पर HR39G8686 की फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ट्रक का वास्तविक नंबर MP09BM4221 सामने आया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 31 अगस्त को इंदौर के परदेशीपुरा क्षेत्र से ट्रक मालिक जफर पिता हुसैन खान (41) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से हेराफेरी की राशि 8,72,810 रुपए और आयशर ट्रक क्रमांक MP09BM4221 जब्त किया।
तीन आरोपी अभी फरार
पुलिस के अनुसार मामले में दिनेश सिंह निवासी लुडास, हरियाणा, अकबर पिता शाहीद अंसारी निवासी परदेशीपुरा इंदौर और शाहीद अंसारी निवासी परदेशीपुरा इंदौर फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।