*छतरपुर में प्लॉट खरीदार के साथ ठगी, कब्जा लेने पहुंचा तो प्लॉट से निकली सीसी रोड*
छतरपुर। शहर में एक प्लॉट खरीदार के साथ कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि छह साल पहले जिस 1000 वर्गफीट के प्लॉट की रजिस्ट्री कराई थी, उस पर कब्जा लेने पहुंचने पर पता चला कि प्लॉट के बीच से सीसी रोड निकाल दी गई है। इसके चलते उसका प्लॉट घटकर करीब 150 फीट का ही रह गया। मामले की शिकायत लेकर पीड़ित सिविल लाइन थाना पहुंचा है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित ने वर्ष 2020 में एक व्यक्ति से 1000 वर्गफीट का प्लॉट खरीदा था और उसकी विधिवत रजिस्ट्री भी कराई थी। आरोप है कि रजिस्ट्री होने के बाद भी प्लॉट विक्रेता ने उक्त जमीन के हिस्से पर सीसी रोड का निर्माण करा दिया। जब पीड़ित हाल ही में अपने प्लॉट का कब्जा लेने पहुंचा तो उसे स्थिति का पता चला।
पीड़ित का कहना है कि प्लॉट का बड़ा हिस्सा सड़क निर्माण में चला गया है, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ है। उसने आरोप लगाया कि बिना उसकी सहमति और जानकारी के यह निर्माण कराया गया है।
मामले को लेकर पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है, दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।