राज्य कार्यालय, शिक्षा विभाग, बिहार, पटना के निदेश पर आज दिनांक 30.09.2026 को रोहतास जिले के 23 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का जिला पदाधिकारी द्वारा नामित जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में उपलब्ध शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं, विद्यार्थियों के लिए संचालित गतिविधियों तथा शिक्षण व्यवस्था का जायजा लेना रहा।
इसी क्रम में जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा द्वारा सरस्वती विद्या निकेतन (शेरशाह सूरी इंटर स्कूल, सासाराम) का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न शैक्षणिक एवं तकनीकी सुविधाओं का जायजा लिया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला, ITC लैब, विभिन्न कक्षाओं एवं पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित शिक्षकों से प्रयोगशाला एवं अन्य सुविधाओं के उपयोग, विद्यार्थियों की सहभागिता तथा शिक्षण व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।
ITC लैब के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनके द्वारा प्राप्त की जा रही तकनीकी एवं डिजिटल शिक्षा की जानकारी ली गई। उन्होंने विद्यार्थियों को बदलते समय के अनुरूप तकनीकी एवं व्यावहारिक कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। जिला पदाधिकारी ने बच्चों से उनके रुचि के विषयों, पढ़ाई की तैयारी तथा भविष्य के लक्ष्यों के बारे में भी बातचीत की।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए गणित की कक्षा भी ली। उन्होंने बच्चों से गणित से संबंधित प्रश्न पूछे तथा विद्यार्थियों द्वारा दिए गए उत्तरों को सुना। इस दौरान उन्होंने बच्चों को नियमित अध्ययन, विषयों की बेहतर समझ विकसित करने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।
जिला पदाधिकारी ने विद्यालय में आयोजित होने वाली पेरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से अभिभावकों के साथ नियमित संवाद, विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की समीक्षा तथा बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप सहयोग प्रदान किए जाने के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपनी रुचि के अनुरूप कौशल विकसित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ तकनीकी एवं व्यावहारिक ज्ञान पर भी ध्यान दें।
जिले के सभी 23 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) में जिला पदाधिकारी द्वारा नामित जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण के उपरांत संबंधित अधिकारियों द्वारा विद्यालयों की स्थिति एवं निरीक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी के आधार पर निरीक्षण प्रतिवेदन तैयार किया जाएगा। तैयार प्रतिवेदन को जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला पदाधिकारी, रोहतास के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
#IPRD
#BiharGovernment
#School
#PublicService
#CMSamrat
#samratchoudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
Patna, Bihar | Oct 1, 2026