देवास/मक्सी। एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। ग्राम नांदला निवासी 22 वर्षीय युवराज पिता राजेंद्र सिंह बेस की एक सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सबसे मार्मिक बात यह है कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उसी दिन युवराज का जन्मदिन भी था। वहीं कुछ ही महीनों बाद नवंबर में उनकी शादी होने वाली थी।
जानकारी के अनुसार युवराज एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे वे रोजाना की तरह कार्यालय का काम समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मक्सी के समीप सिया क्षेत्र में पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवराज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
युवराज सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय थे और करणी सेना परिवार मक्सी नगर के नगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके असामयिक निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। सामाजिक संगठनों, मित्रों और परिचितों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मृतक के परिजन विजेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के बाद किसी व्यक्ति ने युवराज के मोबाइल फोन से कॉल कर परिवार को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके और अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने प्रशासन से जल्द आरोपी चालक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिवार की स्थिति भी बेहद चिंताजनक बताई जा रही है। युवराज परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके पिता राजेंद्र सिंह शुगर के मरीज हैं, जबकि छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। युवराज की नौकरी से ही पूरे परिवार का खर्च चलता था। उनकी सगाई बड़ी चुरलाय में हो चुकी थी और आगामी नवंबर माह में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन इस हादसे ने परिवार के सभी सपनों को एक झटके में तोड़ दिया।
News by hello! DEWAS sources. Kindly DM for any issues .
.
In news ad
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnews #dewasbreaking
Dewas Nagar, Dewas | Jun 25, 2026