बारिश में बदहाल सड़क बनी मरीज की मुसीबत, बुजुर्ग महिला को खटिया पर ले जाने मजबूर हुए ग्रामीण
बारिश के मौसम में डिंडौरी जिले के ग्रामीण अंचलों की बदहाल सड़कों की तस्वीर एक बार फिर सामने आई है। करंजिया क्षेत्र के पंकु टोला में सड़क सुविधा के अभाव और कीचड़ भरे रास्ते के चलते एक बुजुर्ग महिला मरीज को इलाज के लिए खटिया पर ले जाने की नौबत आ गई।
ग्रामीणों के मुताबिक पंकु टोला का रास्ता बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव से इतना खराब हो जाता है कि गांव तक वाहनों का पहुंचना मुश्किल हो जाता है। ताजा मामले में बुजुर्ग महिला की तबीयत बिगड़ने पर परिजन और ग्रामीणों ने उन्हें खटिया पर लिटाया और रस्सी के सहारे कंधों पर उठाकर इलाज के लिए ले गए।
बारिश में हर साल बढ़ती है परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या नई नहीं है। बारिश शुरू होते ही रास्ते की स्थिति बदहाल हो जाती है। कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना तक मुश्किल हो जाता है। इसका सबसे ज्यादा असर मरीजों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं को उठाना पड़ता है।
सड़क नहीं तो स्वास्थ्य सुविधा तक पहुंचना भी मुश्किल
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्र होने के बावजूद यदि मरीज को वहां तक पहुंचने के लिए सुगम सड़क नहीं मिले, तो समय पर उपचार मिलना चुनौती बन जाता है। पंकु टोला की तस्वीर सड़क और स्वास्थ्य सुविधा के बीच मौजूद जमीनी समस्या को सामने ला रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पंकु टोला के पहुंच मार्ग की स्थिति में सुधार किया जाए और बारिश के दौरान आवागमन की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी मरीज को इलाज के लिए खटिया पर उठाकर ले जाने की मजबूरी न रहे।
#DindoriNews
#MPNews
#RoadProblem
#RuralIndia
#Halchal24News Part 5