खबर का असर: नहर के तेज बहाव में सेल्फी पर लगेगी रोक, प्रशासन ने पिकनिक पॉइंट का किया निरीक्षण
कासगंज। नहर के तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर सेल्फी, फोटो और रील बनाने वालों के खिलाफ अब प्रशासन सख्त कदम उठाने जा रहा है। मीडिया चैनलों पर खबर प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आया और गुरुवार को तातारपुर स्थित पिकनिक पॉइंट का स्थलीय निरीक्षण किया।
बताया गया था कि पिकनिक पॉइंट पर नहर के दोनों ओर लगी रेलिंग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। इसके चलते लोग रेलिंग पार कर नहर के बीच बनी पटरियों तक पहुंचकर जान जोखिम में डालकर फोटो और रील बना रहे थे। तेज बहाव के बीच इस तरह की लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
खबर का असर सामने आया और जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उप जिलाधिकारी सदर एसएन त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी सदर आंचल चौहान, सिंचाई विभाग के जेई तथा टीएसआई कासगंज ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
बैरियर और बेरिकेडिंग होगी मजबूत
निरीक्षण के दौरान उन स्थानों को चिन्हित किया गया, जहां से लोग रेलिंग पार कर नहर के बीच तक पहुंच रहे थे। इन स्थानों पर बैरियर और बेरिकेडिंग को और मजबूत किया जाएगा। साथ ही लोगों को खतरे से आगाह करने के लिए जरूरी स्थानों पर चेतावनी एवं सुरक्षा संबंधी बोर्ड लगाए जाएंगे।
ड्रोन से भी हुई निगरानी
प्रशासनिक टीम ने नहर और आसपास के क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने के साथ ड्रोन कैमरे से हवाई निगरानी भी कराई। प्रशासन की इस कार्रवाई से उम्मीद है कि पिकनिक पॉइंट पर नहर के तेज बहाव के बीच जान जोखिम में डालकर सेल्फी और रील बनाने वालों पर प्रभावी रोक लगेगी।
मीडिया ने उठाया मुद्दा, प्रशासन ने लिया संज्ञान—अब नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था होगी और मजबूत।
#खबर_का_असर #कासगंज #Kasganj #तातारपुर #पिकनिक_पॉइंट #नहर #नहर_का_तेज_बहाव #सेल्फी_पर_रोक #रील_बनाने_पर_रोक #प्रशासन_सक्रिय #सुरक्षा_व्यवस्था #बेरिकेडिंग #बैरियर #ड्रोन_निगरानी #KasganjNews #BreakingNews #प्रशासन_की_कार्रवाई
Amritpur, Farrukhabad | Sep 11, 2026