सांसद नवीन जिन्दल युवाओं को खेलों से जोड़कर अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित कर रहे हैं: नरेंद्र सिंह दबखेड़ा
लाडवा विधानसभा में 11 नवंबर से शुरू होगा सांसद खेल महोत्सव, चार स्थानों पर होंगी प्रतियोगिताएं
11 खेलों में तीन दिन तक खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, विजेताओं को मिलेंगे नकद पुरस्कार; लोकसभा स्तर पर खेलने का भी मिलेगा अवसर
लाडवा, 9 नवंबर। सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे सांसद खेल महोत्सव 2.0 के तहत लाडवा विधानसभा की खेल प्रतियोगिताएं 11 नवंबर से शुरू होंगी। तीन दिनों तक चलने वाली इन प्रतियोगिताओं में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिताओं का आयोजन विधानसभा क्षेत्र के चार अलग-अलग खेल स्थलों पर किया जाएगा।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत खेल प्रतियोगिताओं के तहत संजय गांधी मेमोरियल स्कूल के खेल मैदान में फुटबॉल के मुकाबले होंगे। खेल स्टेडियम धनौरा जाटान में वॉलीबॉल, एथलेटिक्स और जूडो की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं, खेल स्टेडियम बकाली में क्रिकेट, कबड्डी और टग ऑफ वार के मुकाबले होंगे, जबकि मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम शाहबाद में हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने कुरुक्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया था। इसी कड़ी में अब लाडवा विधानसभा में 11 नवंबर से खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के तहत 11 खेलों में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विधानसभा स्तर पर विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही चयनित खिलाड़ियों को लोकसभा स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर भी मिलेगा।
धर्मवीर सिंह ने बताया कि प्रतियोगिताओं को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए खेल प्रशिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है। सभी मुकाबले निर्धारित खेल नियमों के अनुसार करवाए जाएंगे, ताकि प्रत्येक खिलाड़ी को अपनी प्रतिभा और क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके।
इस अवसर पर भाजपा गुढा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह दबखेड़ा ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल युवाओं को खेलों से जोड़कर अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित कर रहे हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि युवाओं को नशे एवं अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखकर उन्हें एक स्वस्थ और रचनात्मक दिशा भी प्रदान करते हैं। सांसद नवीन जिन्दल इसी सोच के साथ कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन करवा रहे हैं, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने तथा अपनी पहचान बनाने का अवसर मिल सके।
इस अवसर पर कोच समेंद्र सिंह, कोच सुशील कुमार शर्मा, भूषण मंगला, डॉ. राज कुमार, लाडवा हल्का प्रभारी सलिंद्र कुमार और अंग्रेज सिंह उपस्थित रहे।