चित्तौड़गढ़ में CBN की बड़ी कार्रवाई: नेक्सॉन कार की बैक लाइट से 18.200 किग्रा अवैध अफीम बरामद, तस्कर फरार
राजस्थान।केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) राजस्थान यूनिट ने 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। चित्तौड़गढ़ जिले की बड़ी सादड़ी तहसील के बोहेडा गांव के पास से एक लावारिस टाटा नेक्सॉन कार जब्त कर उसमें छिपाकर ले जाई जा रही 18.200 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई है।
गुप्त सूचना पर नाकाबंदी, पीछा करने पर चकमा देकर भागे तस्कर CBN चित्तौड़गढ़ डिवीजन-2 को सूचना मिली थी कि राजस्थान नंबर की नेक्सॉन कार में अफीम की बड़ी खेप बाड़मेर की तरफ ले जाई जा रही है। 17 अगस्त को टीम ने संदिग्ध मार्गों पर नाकाबंदी की। इस दौरान एक सफेद रंग की कार अचानक रफ्तार बढ़ाकर भाग निकली। सीबीएन टीम ने पीछा किया, लेकिन मोड़ पर गाड़ी आंखों से ओझल हो गई।
लावारिस मिली कार, सादे कपड़ों में तैनात रही टीम मार्ग दो हिस्सों में बंटने पर अधिकारियों ने दो टीमें बनाईं। तलाशी के दौरान कार सड़क किनारे लावारिस हालत में खड़ी मिली, लेकिन चालक गायब था। सीबीएन के जवानों को सादे कपड़ों में कार के आसपास तैनात किया गया, हालांकि काफी इंतजार के बाद भी कोई गाड़ी लेने नहीं आया।
मैकेनिक से खुलवाई बैक लाइट, निकले 29 पैकेट प्रारंभिक तलाशी में गाड़ी के अंदर कुछ नहीं मिला। इसके बाद नेक्सॉन को कार्यालय लाकर मैकेनिक की मदद से बारीकी से जांच की गई। कार की पिछली लाइट के अंदर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त केबिन (कैविटी) मिला। इसकी तलाशी लेने पर 29 छोटे पैकेटों में छिपाई गई 18.200 किग्रा अफीम बरामद हुई।एनडीपीएस एक्ट के तहत अफीम और कार को जब्त कर अज्ञात तस्करों की तलाश शुरू कर दी गई है।