शिमला ढली-संजौली बाईपास नेशनल हाइवे 05 भारी भूस्खलन से बंद, सड़क पर आया मलबा, वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील
शिमला ब्यूरो
राजधानी शिमला में ढली-संजौली नेशनल हाइवे 05 बाईपास मार्ग भारी भूस्खलन के कारण पूरी तरह बंद हो गया है। सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा आने से दोनों तरफ से आवाजाही ठप है। लोक निर्माण विभाग मलबा हटाने में जुटा है। पुलिस ने लोगों से फिलहाल इस मार्ग का इस्तेमाल न करने और वैकल्पिक रास्तों से जाने की अपील की है।
मार्ग बंद होने से इस रूट पर चलने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी हो रही है। शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से अपील की है कि फिलहाल ढली-संजौली बाईपास का इस्तेमाल न करें। अपनी यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गों से बनाएं। प्रशासन ने कहा है कि जैसे ही मार्ग यातायात के लिए सुरक्षित होगा, सूचना साझा कर दी जाएगी। बारिश के चलते पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।