राठ कस्बे में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड वेंडरों का किया निरीक्षण*
*दूषित मिठाई एवं अधिक मात्रा में रंग युक्त खाद्य पदार्थ कराया गया नष्ट, जांच हेतु लिए गए नमूने*
हमीरपुर। जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा आज राठ कस्बे में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड वेंडरों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान लक्ष्मी स्वीट सेंटर का निरीक्षण किया गया। प्रतिष्ठान से बूंदी के लड्डू एवं पाम ऑयल के एक-एक नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान दूषित प्रतीत हो रही बूंदी एवं अन्य मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कराया गया, ताकि इनके सेवन से आमजन के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
इसी क्रम में खाद्य पदार्थों के पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट फूड वेंडरों) का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेज टिक्की में रंग की मात्रा अधिक पाए जाने पर उसे नष्ट कराया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही खाद्य रंगों एवं अन्य सामग्री का प्रयोग करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में डॉ. गौरी शंकर, सहायक आयुक्त खाद्य, श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा श्री मृत्युंजय कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।
विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षित खाद्य उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य प्रतिष्ठानों एवं स्ट्रीट फूड वेंडरों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई आगे भी नियमानुसार जारी रहेगी।